हिंदी भाषा की मजबूत स्थिति
आरुग न्यूज- भाषा, अपनी बात लोगों तक प्रेषित करने तथा लोगों की बातों को समझने का सुगम माध्यम है। वैश्विक स्तर के साथ ही भारत में भी भाषाओं का विशेष महत्व है। भारत मे सैकडों भाषाएँ तथा हजारों बोलियां प्रचलित हैं। किन्तु वैधानिक रूप से कुछ ही भाषाएँ स्वीकार की गई हैं। जिनमे हिंदी भाषा का स्थान सर्वश्रेष्ठ है। हिंदी भाषा के प्रादुर्भाव से विकास तक की कड़ी में इसके प्रचार, प्रकृति तथा लोकप्रियता में काफी परिवर्तन हुए हैं। हिंदी केवल भाषा ही नहीं, एक जीवनशैली भी है। जो दैनिक जीवन में चीनी भाषा के बाद सर्वाधिक प्रयुक्त की जाती है।
वर्तमान में सभी क्षेत्रों में हिंदी की मजबूत पकड़ दिखलाई पड़ती है। सामाजिक, राजनैतिक तथा व्यवहारिक जीवन मे भी हिंदी की उपयोगिता बढ़ती ही जा रही है। आधिकारिक भाषा होने के कारण राजनीतिक क्षेत्रों में हिंदी की उपयोगिता है, साथ ही सामाजिक क्षेत्रों में पत्र-पत्रिकाओं, साहित्यों तथा शिक्षण संस्थानों में भी हिंदी की पकड़ मजबूत दिखाई देती है। वर्तमान की डिजिटल शैलियों जैसे इंटरनेट तथा विभिन्न सोशल मीडिया में भी हिंदी की उपलब्धता से इसकी उपयोगिता बढ़ी है। ऐसे ही विभिन्न क्षेत्रों जैसे व्यापार, वाणिज्य, शिक्षण, टीवी सिनेमा आदि में हिंदी की उपयोगिता बढ़ती ही जा रही है। अतः कहा जा सकता है कि सभी क्षेत्रों में हिंदी की स्थिति मजबूत हुई है।
लेखक -श्री अमित कुमार
साहित्यकार (हिंदी+छत्तीसगढ़ी) गरियाबंद, छ.ग. मो. न - 7771910692






0 Comments
अपने विचार सुझाव यहाँ लिख कर हमें भेजें।